बृहस्पति सिंह के नाम पर साइबर ठगी की कोशिश, व्हाट्सऐप हैक कर मांगे 28 हजार

सोहन केसरी (बालमुकुन्द)। कांग्रेस के पूर्व विधायक बृहस्पति सिंह के नाम से व्हाट्सऐप के जरिए लोगों से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनका व्हाट्सऐप अकाउंट किसी अज्ञात व्यक्ति ने हैक कर लिया है। इसके बाद उनके संपर्क में रहने वाले लोगों और समर्थकों को मैसेज भेजे जा रहे हैं।

मैसेज में हैकर खुद को बृहस्पति सिंह बताते हुए तत्काल पैसों की जरूरत होने की बात कह रहा है। लोगों से 28 हजार रुपये UPI के माध्यम से भेजने को कहा जा रहा है। रकम वापस करने के लिए रात 8 बजे तक का भरोसा भी दिलाया जा रहा है।

मामला तब सामने आया जब कुछ लोगों ने ऐसे मैसेज मिलने के बाद सीधे बृहस्पति सिंह से संपर्क कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि उनके नाम से भेजे जा रहे किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के कोई पैसा ट्रांसफर न करें।

बृहस्पति सिंह ने मामले को लेकर रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस और साइबर सेल की टीम मामले की जांच में जुटी है। बताया गया है कि इससे पहले भी गरियाबंद जिले में भाजपा के कई नेताओं के व्हाट्सऐप अकाउंट हैक होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि किसी परिचित या जनप्रतिनिधि के नाम से पैसे मांगने वाला संदिग्ध मैसेज आने पर पहले फोन कर पुष्टि करें और बिना जांच-पड़ताल के कोई भुगतान न करें।

Hot Topics

Related Articles