बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी: कलेक्टर तोपनो कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई और समय पर उपस्थिति के दिए निर्देश

संदीप यादव मुंगेली, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने शनिवार को जिला चिकित्सालय मुंगेली का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवा वितरण, मरीजों की सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय जिले की प्रमुख स्वास्थ्य संस्था है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। इसलिए अस्पताल में मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

कलेक्टर श्री तोपनो ने ओपीडी पहुंचकर विभिन्न चिकित्सकों के कक्षों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सीटी स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, सेंट्रल ड्रग स्टोर, आपातकालीन यूनिट, डायलिसिस सेवा, आईसीयू, लैब एवं ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए अनावश्यक परेशान न होना पड़े तथा चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यक दवाइयां आसानी से एवं समय पर उपलब्ध हों।

उन्होंने वार्डों, कक्षों, गलियारों एवं परिसर में नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी किया निरीक्षण –

कलेक्टर ने जिला अस्पताल के बाद 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ओपीडी, लेबर रूम, एसएनसीयू, पीडियाट्रिक वार्ड, एनआरसी एवं ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल के चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण, भवन में सीपेज की समस्या के निराकरण और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में गायों के प्रवेश पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित गार्ड को नोटिस देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसडीएम अजय शतरंज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. शीला साहा, डीपीएम गिरीश कुर्रे, बीएमओ डॉ. कमलेश खैरवार, आरएमओ डॉ. संदीप कुमार पाटिल सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles