विकास प्राथमिकताओं पर चर्चा
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो
ने जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले के विकास की प्राथमिकताओं एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
सड़कों पर रहेगा फोकस
कलेक्टर ने कहा कि आमजनों की सुविधा के लिए सड़कों की मरम्मत, सुधार एवं सुदृढ़ीकरण के कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बेहतर सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
एटीआर में पर्यटन की संभावनाएं
उन्होंने अचानकमार टाइगर रिजर्व (एटीआर) क्षेत्र में पर्यटन की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और वन संपदा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन गतिविधियों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।
कान्हा-किसली की तर्ज पर विकास
कलेक्टर ने कहा कि एटीआर क्षेत्र को कान्हा-किसली की तर्ज पर आकर्षक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति, प्राकृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
स्थानीय युवाओं को रोजगार
पर्यटन गतिविधियों से स्थानीय युवाओं एवं समुदाय को जोड़ने के लिए प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इससे लोगों को अपने ही क्षेत्र में आजीविका के नए साधन मिल सकेंगे।
मीडिया से समन्वय जरूरी
कलेक्टर ने कहा कि मुंगेली के विकास के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाओं, सुगम आवागमन, पर्यटन विस्तार और रोजगार सृजन को साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रशासन और मीडिया के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। प्रेस वार्ता में संबंधित अधिकारी एवं विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।














