बालोद/चिखलाकसा:- आज 10 अगस्त 2026 को भाजपा युवा मोर्चा कुसुमकसा मंडल के अध्यक्ष सचिन साहू के नेतृत्व में ग्राम घोटिया क्षेत्र में अवैध रेत तस्करी और ग्रामीणों को समय पर रेत न मिलने की शिकायतों के बाद युवा मोर्चा की टीम ने सख्त कदम उठाया है। ग्रामीणों ने युवा मोर्चा को बताया कि रेत ठेकेदार और ट्रैक्टर चालक गांव में रेत न डालकर उसे बाहर ऊंचे दामों में बेच रहे हैं। इससे ग्रामीणों को निजी मकान निर्माण और अन्य कार्यों के लिए समय पर रेत नहीं मिल पा रही थी। युवा मोर्चा ने जंगल का रास्ता खोदकर लगाई रोक शिकायत मिलने के बाद युवा मोर्चा की टीम ने वन विभाग से अनुमति लेकर जंगल से होकर गुजरने वाले अवैध रेत परिवहन के रास्ते में लंबा गड्ढा खोद दिया। इसके बाद अवैध रूप से रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टरों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों का कहना है कि जब तक प्रशासन अवैध रेत तस्करी पर ठोस कार्रवाई नहीं करता और ग्रामीणों को उचित दर पर समय पर रेत उपलब्ध नहीं कराई जाती, तब तक उनका यह अभियान जारी रहेगा। इस कार्य के लिए भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष सचिन साहू, कोषाध्यक्ष योगेंद्र साहू, पुष्पेंद्र साहू, महेश साहू, विरेन साहू, सरोज पद्माकर, पंकज, दिनेश पद्माकर एवं युवा मोर्चा के अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग रहा। साथ ही ग्रामीणों ने युवा मोर्चा की इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे अवैध तस्करी पर अंकुश लगेगा और उन्हें राहत मिलेगी।






