
दूसरे राज्य फरार हो गया था आरोपी, गांव लौटते ही पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
बलौदाबाजार। जिले के ग्राम कुम्हारी में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपी को गिधौरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद गिरफ्तारी के डर से दूसरे राज्य फरार हो गया था। 25 सितंबर को गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए टुल्लू मोटर पंप, गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन और साड़ियों सहित करीब 25 हजार रुपये का शत-प्रतिशत सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गिधौरी पुलिस को ग्राम कुम्हारी में हुई चोरी के मामले में सफलता मिली है।
सूने मकान का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुम्हारी निवासी संजय कुमार काठे ने थाना गिधौरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर से 4 सितंबर 2026 के बीच अज्ञात चोर ने उनके सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में रखे पुराने इस्तेमाल का टुल्लू मोटर पंप, एक गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तन, गुंडी, कुकर, कड़ाही और साड़ियां सहित लगभग 25 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गया था।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना गिधौरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की। गांव में मुखबिर सक्रिय करने के साथ ही आसपास के संदिग्धों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान ग्राम कुम्हारी निवासी दुर्गेश नवरत्न (37 वर्ष), पिता मेलाराम नवरत्न, की संलिप्तता की जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी दूसरे राज्य में काम करने के लिए चला गया था। पुलिस उसकी लगातार पतासाजी कर रही थी। इसी बीच 25 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव लौट आया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल उसके ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।
चोरी का पूरा सामान बरामद

पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी दुर्गेश नवरत्न ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर निशानदेही पर घर से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर विधिवत जब्त किया गया। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 25 सितंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई से थाना गिधौरी पुलिस ने चोरी के मामले को सुलझाते हुए चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की है।








