भाटापारा में जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स मीट संपन्न, 13 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

हैदराबाद में आयोजित होने वाली नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट में जिले के खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

भाटापारा। नगर के रावण भाटा खेल मैदान में जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स मीट का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से लगभग 100 जूनियर बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स की विभिन्न विधाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 13 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन एवं समापन विधिवत रूप से किया गया। समापन समारोह में मुख्य रूप से नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव एवं डॉ. विकास आडील उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी आदित्य सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में चयनित 13 खिलाड़ी आगामी 14 से 17 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित होने वाली नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट (NIDJAM) में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रवि धनगर, दिनेश तांडी, आशीष जायसवाल, तुलसी साहू, योगेश कटैलिया, वीरेंद्र पटेल, वर्षा मिरी, लोक सिंह दिवान, चंद्रकांत बागड़े, तरुण सेन, उमप्रसाद राठौर, गौतम मिरी, समीर घृतेश, स्वलेहा खान एवं अवन्तिका कामरी का सराहनीय सहयोग रहा।

जिले के 13 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन होने पर खेल प्रेमियों एवं खेल संगठन से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

Hot Topics

Related Articles