भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान, 1.02 लाख रुपये राजस्व वसूला

भाटापारा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर 22 सितंबर 2026 को भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों सहित 8 ट्रेनों में सघन टिकट जांच की गई। इस दौरान कुल 192 मामलों में 1,02,780 रुपये का राजस्व वसूल किया गया।

टिकट जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा कर रहे 118 यात्रियों से 83,825 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं अनियमित टिकट के साथ यात्रा करने वाले 17 यात्रियों से 12,355 रुपये तथा अधिक सामान लेकर यात्रा करने वाले 56 यात्रियों से 5,600 रुपये वसूले गए। इसके अलावा स्टेशन परिसर में कचरा फैलाने के एक मामले में 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने तथा रेलवे के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करना रहा। टिकट जांच अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजेश साह, एक मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, एक डीसीटीआई, 14 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा 2 आरपीएफ जवान शामिल रहे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के लिए हमेशा उचित टिकट लेकर ही ट्रेन में सफर करें। रेल परिसर में प्रवेश करने से पहले आवश्यकतानुसार प्लेटफॉर्म टिकट भी अवश्य खरीदें। साथ ही रेलगाड़ियों और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में रेल प्रशासन का सहयोग करें।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा समय-समय पर इस तरह के टिकट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने, सही कोच में बैठने और रेलवे के नियमों का पालन करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से टिकट जांच के दौरान रेलवे कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की अपील की है।

Hot Topics

Related Articles