बालोद।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भालू की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। भालूकोन्हा गांव में शनिवार देर रात तालाब के पास स्थित शिव मंदिर परिसर में एक भालू घूमता हुआ देखा गया, जिसकी पूरी हरकतें मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं। इसके बाद रविवार सुबह भालू को वापस जंगल की ओर जाते हुए भी देखा गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है और मुस्तैदी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों के अनुसार यह भालू पिछले करीब एक महीने से भालूकोन्हा और उसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार देखा जा रहा है। जंगली इलाकों में भोजन की कमी होने के कारण भालू अब खाने की तलाश में सीधे रिहायशी इलाकों का रुख कर रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भालू भोजन की खोज में इतने करीब आ जाता है कि वह घरों में घुसकर वहां रखे तेल और अन्य खाद्य सामग्रियों को चट कर जाता है। भालू के इस तरह बार-बार आबादी वाले क्षेत्र में आने और घरों में घुसने की आदतों के कारण लोग रात के समय अपने घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं और वन विभाग से इस वन्यजीव को जल्द से जल्द सुरक्षित रूप से पकड़ने या खदेड़ने की मांग कर रहे हैं।






