संदीप यादव मुंगेली। शारदीय नवरात्रि के समापन पर नगर में माता दुर्गा की भव्य विसर्जन शोभायात्रा पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। आकर्षक और मनमोहक झांकियों के दर्शन के लिए पूरा शहर सड़कों पर उमड़ पड़ा। माता के जयकारों और भक्ति भजनों से पूरा नगर देर रात तक गूंजता रहा। डीजे और बैंड बाजे की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते-नाचते नजर आए। देर रात से शुरू हुई विसर्जन यात्रा और झांकी का सिलसिला सुबह 5 से 6 बजे तक चलता रहा। नगर की डेढ़ दर्जन से ज्यादा दुर्गा उत्सव समितियों ने अपनी सुंदर झांकियां प्रस्तुत कीं। भंडा परिसर से तय समय से लगभग तीन घंटे की देरी से शुरू हुई झांकियां रात करीब 11 बजे लाइन में लगकर रवाना हुईं। इनमें सर्वश्रेष्ठ दुर्गा समिति के अलावा मांडवारों से आई टीम द्वारा बनाई गई विशेष झांकी लोगों के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसकी हर किसी ने दिल खोलकर प्रशंसा की।
श्रद्धालुओं में दिखा जबरदस्त उत्साह
विसर्जन शोभायात्रा में महिलाओं, युवाओं और छोटे बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था। भक्तों ने नौ दिन तक विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने के बाद नम आंखों और भावुक मन से माता रानी को विदाई दी और अपने परिवार की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की। भारी भीड़ के बावजूद लोगों में अनुशासन और भक्ति का संगम दिखा।
जगह-जगह मंच बनाकर हुआ स्वागत
झांकियों के स्वागत और हौसला बढ़ाने के लिए नगर भर में अलग-अलग समितियों और सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह स्वागत मंच बनाए थे। गौरव पथ पर स्थित शिवम नगर समिति के मंच पर गुजरात से आई कृष्ण मंडली, जो विशेष वेशभूषा में पहुंची थी, आकर्षण का केंद्र रही। महाराणा प्रताप चौक पर ट्रस्ट उमंग और जोहार पार्टी, परमेश्वरी चौक पर देवांगन समाज, तिरंगा चौक के पास केशरवानी समाज और परशुराम चौक पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने झांकियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके अलावा पुराना अस्पताल के पास, पुराना बस स्टैंड और भाजपा कार्यालय के पास भी कई सामाजिक संगठनों ने फूल बरसाकर झांकियों का अभिनंदन किया। समितियों को शील्ड और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
भारी भीड़ को देखते हुए टीआई सहित पुलिस टीम सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी रात सक्रिय रही।
इस दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, अनिल सोनी, गिरिश शुक्ला, हेमेन्द्र गोस्वामी, संजय यादव, स्वतंत्र मिश्रा, आशीष मिश्रा, सुनील पाठक, अशोक चंद्राकर, दीपक गुप्ता, मकबूल खान, अरविंद वैष्णव, दिलीप सोनी, पप्पू शर्मा, देवेंद्र वैष्णव, नीरज यादव , सीरिया यादव, वीरेन्द्र तिवारी, किशोर केशरवानी, आकाश चंदेल, दिलीप बंजारा, सौरभ बाजपेयी, राजा सोनिक, राम तरलोचा, मिठू पटेल, शैलेन्द्र तिवारी, टीपू खान, आशीष गोयल, सूरज यादव समेत बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।






