भिलाई। चौहान ऑटोमोबाइल मारुति सुजुकी शोरूम में एक महिला कर्मचारी ने शो रूम के सीईओ के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करवाया है। महिला कर्मचारी ने कंपनी के CEO अंकित आनंद पर छेड़छाड़ और गलत व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनके चेहरे पर स्याही फेंक दी। इतना ही नहीं, गुस्से में महिला ने पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में CEO को थप्पड़ मारा और लात भी चलाई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि महिला कर्मचारी पहले से ही CEO के खिलाफ शिकायत कर चुकी थी। मामले की जांच के दौरान जब पुलिस अधिकारी अंकित आनंद को लेकर शोरूम पहुंचे, तभी महिला का गुस्सा फूट पड़ा। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जैसे ही CEO ऑफिस के अंदर पहुंचे, सामने से आई महिला कर्मचारी ने उनके चेहरे और शर्ट पर स्याही फेंक दी। स्याही फेंकने के तुरंत बाद महिला सीधे CEO के सामने पहुंची और उन्हें थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसने लात भी चलाई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी बीच-बचाव की कोशिश करते रहे, लेकिन महिला काफी गुस्से में थी। इस दौरान वहां कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी, जिसकी वजह से पुलिस सिर्फ समझाइश देती नजर आई। घटना के समय ऑफिस में अन्य महिला कर्मचारी भी मौजूद थीं, लेकिन किसी ने बीच-बचाव नहीं किया। वीडियो में पुलिस अधिकारियों को महिला को रोकने की कोशिश करते देखा जा सकता है। वहीं CEO खुद को बचाने की कोशिश करते नजर आए। मामले में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि एक महिला कर्मचार की शिकायत के बाद सीईओ के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।





