महंगाई और आर्थिक संकट को लेकर NSUI का प्रदर्शन, आम जनता को ‘मेलोडी’ चॉकलेट बांटकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट को लेकर एनएसयूआई ने आज रायपुर में केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। शहर में एनएसयूआई नेता महताब हुसैन के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आम जनता के बीच पहुंचकर मेलोडी चॉकलेट बांटी। इस दौरान जनता से देश की बिगड़ती स्थिति को लेकर सवाल पूछते हुए कहा गया, “मेलोडी खाओ, खुद जान जाओ।” इस प्रदर्शन में रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी शामिल हुए।

विकास उपाध्याय ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और प्रधानमंत्री मोदी के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे ‘मेलोडी’ ट्रेंड की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है कि जब देश का आम नागरिक दाल, तेल, दूध, रसोई गैस और सब्जियों की आसमान छूती कीमतों से परेशान है, तब हमारे प्रधानमंत्री विदेशी दौरों और सोशल मीडिया मीम्स के जरिए देश की गंभीर स्थिति का उपहास उड़ा रहे हैं। देश को एक गंभीर नेतृत्व की जरूरत है, न कि रील बनाने वाले प्रधानमंत्री की।

NEET पेपर लीक को लेकर भी साधा निशाना

साथ ही कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई ने NEET पेपर लीक का मुद्दा उठाकर केंद्र सरकार को घेरा। कार्यक्रम में उपस्थित विकास उपाध्याय ने प्रधानमंत्री की गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि इस प्रकार का कृत्य “केंद्र सरकार के अहंकार और असंवेदनशीलता की पराकाष्ठा है। प्रधानमंत्री मोदी देश की पीड़ित जनता से हर संकट में ‘सहयोग’ करने, त्याग करने और आत्मनिर्भर बनने की अपील करते हैं, लेकिन खुद करोड़ों रुपये के सरकारी खर्च पर विदेशों में पीआर (जनसंपर्क) इवेंट्स और मौज-मस्ती में मशगूल हैं। संकट के समय देश को नेतृत्व की जरूरत होती है, विदेश दौरों के तमाशे की नहीं।”

Hot Topics

Related Articles