महंगाई की मार: तीन माह में 25 फीसदी तक बढ़ा रसोई का बजट

त्योहारी सीजन से पहले दाल, मसाले, तेल, चावल और मेवा के दामों में तेजी, कॉस्मेटिक सामान भी महंगा

भाटापारा,त्योहारी सीजन से पहले बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। पिछले करीब तीन माह में दाल, मसाले, तेल, चावल और मेवा समेत रोजमर्रा की जरूरत के कई सामानों की कीमतों में 15 से 25 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। त्योहारी मांग बढ़ने के साथ मेवा और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

बाजार में अरहर दाल की कीमत 105 रुपये से बढ़कर 140 रुपये प्रति किलो हो गई है। उड़द दाल 130 से बढ़कर 140 रुपये और मूंग दाल 95 से बढ़कर 110 रुपये किलो बिक रही है। मसालों की कीमतों में भी तेजी है। हल्दी 200 से बढ़कर 240 रुपये, पिसी मिर्च 360 से बढ़कर 400 रुपये और धनिया 160 से बढ़कर 280 रुपये किलो तक पहुंच गया है।

राजमा के दाम भी बढ़े हैं। छोटा राजमा 90 से बढ़कर 120 रुपये और राजमा 125 से बढ़कर 130 रुपये किलो हो गया है। चावल की कीमत 42 रुपये से बढ़कर करीब 55 रुपये किलो पहुंच गई है। सरसों का तेल 165 से बढ़कर 190 रुपये लीटर, जबकि रिफाइंड तेल 115-120 रुपये से बढ़कर 160 से 180 रुपये लीटर तक बिक रहा है।

मेवा के दामों में भी उछाल

त्योहारी सीजन में मेवा की मांग बढ़ने के साथ कीमतों में भी तेजी आई है। काजू 850 रुपये से बढ़कर करीब 900 से 1050 रुपये किलो, बादाम 900 से बढ़कर 1000 रुपये और नमकीन पिस्ता 1200 से बढ़कर करीब 1800 रुपये किलो तक पहुंच गया है। किशमिश 550 से बढ़कर 700 रुपये, अखरोट 300 से बढ़कर 500 रुपये और खजूर 300 से बढ़कर 400 रुपये किलो तक बिक रहा है। मखाने की कीमत भी 800 से बढ़कर करीब 1000 रुपये किलो हो गई है।

शैम्पू और हेयर ऑयल भी महंगा

रसोई के सामान के साथ रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। दुकानदारों के अनुसार, 240 रुपये में मिलने वाली शैम्पू की बोतल अब करीब 390 रुपये में बिक रही है। हेयर ऑयल के दाम में भी करीब 15 फीसदी तक वृद्धि बताई जा रही है। 40 रुपये वाली तेल की बोतल अब करीब 60 रुपये में मिल रही है।

आपूर्ति और परिवहन लागत बढ़ने का असर

व्यापारी के अनुसार, कुछ सामान की आपूर्ति विदेशों से सीधे होने के बजाय दूसरे रास्तों से होने और परिवहन लागत बढ़ने का असर कीमतों पर पड़ रहा है। दुकान संचालक बदरी साहू ने बताया कि अलग-अलग बाजार और ब्रांड के अनुसार वस्तुओं की कीमतों में अंतर है। व्यापारियों के मुताबिक, लगातार बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों के मासिक घरेलू बजट पर पड़ रहा है।

Hot Topics

Related Articles