महंगी बिजली के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन शुरू

बलौदाबाजार :छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार से तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन की शुरुआत कर दी। अभियान के पहले दिन बलौदाबाजार जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर महंगी बिजली के जरिए आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया और स्मार्ट मीटर व्यवस्था को जनविरोधी बताते हुए इसके खिलाफ व्यापक आंदोलन का ऐलान किया।

 

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय बिजली दरों में लगातार वृद्धि कर रही है। घरेलू, गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डालकर आम परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर की जा रही है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद मनमानी बिलिंग, पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के आर्थिक शोषण की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं।

 

सरप्सल िबजली वाले राज्य में दर बढ़ाना जनता के साथ अन्याय: भाटापारा विधायक इंद्र साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ हमेशा से बिजली उत्पादन में सरप्लस राज्य रहा है। इसके बावजूद बिजली दरों में लगातार वृद्धि करना आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि सरकार को बिजली दरों में राहत देने के बजाय लगातार बढ़ोतरी करने की नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए।

 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र शर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली बिलों में भारी वृद्धि कर आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया। पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल हाफ योजना लागू थी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को राहत मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने कई बार बिजली दरों में वृद्धि कर जनता की परेशानी बढ़ाई है और स्मार्ट मीटर लगाने के पीछे बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने की मंशा है।

 

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश यदु ने कहा कि प्रदेशभर में उपभोक्ताओं से बढ़े हुए बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, जिससे लोगों में व्यापक आक्रोश है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। जिलाध्यक्ष सुमित्रा घृतलहरे ने बताया कि यदि सरकार बिजली दरों में वृद्धि वापस नहीं लेती और स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों का समाधान नहीं करती, तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। 2 अगस्त को कार्यकर्ता घर-घर जाकर बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क करेंगे। इस दौरान महंगे बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भी भरवाए जाएंगे, जिन्हें सरकार तक पहुंचाया जाएगा। आंदोलन के अंतिम चरण में 3 अगस्त को प्रदेशभर के साथ बलौदाबाजार जिले से भी कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगे।

Hot Topics

Related Articles