भाटापारा मंडी में नई फसल की आवक शुरू, किसान राजेश मलिक का धान रहा आकर्षण का केंद्र

भाटापारा। कृषि उपज मंडी समिति भाटापारा में नई फसल महामाया धान की आवक शुरू हो गई है। शनिवार, 3 अक्टूबर को ग्राम गुनरबोड़ के किसान राजेश मलिक करीब 25 कट्टा नया महामाया धान लेकर मंडी पहुंचे। नीलामी के दौरान पंजीकृत व्यापारियों ने धान की गुणवत्ता को देखते हुए बोली लगाई। प्रतिस्पर्धा के बीच धान की कीमत लगातार बढ़ती गई और अंतिम बोली में मंधान फूड्स ने 3561 रुपये प्रति क्विंटल की उच्चतम दर पर धान खरीदा। मंडी में महामाया धान की यह दर अब तक की रिकॉर्ड दरों में शामिल हो गई है।
उच्चतम दर पर धान की बिक्री होने के बाद मंधान फूड्स के प्रोपराइटर महेश मंधान ने किसान राजेश मलिक से सौजन्य मुलाकात कर उनका सम्मान किया। उन्होंने किसान को श्रीफल भेंट किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
मंडी सचिव ने दी बधाई
मंडी प्रांगण में महामाया धान के 3561 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर बिकने पर मंडी सचिव चुन्नीलाल ध्रुव ने किसान राजेश मलिक और क्रेता व्यापारी महेश मंधान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि भाटापारा मंडी महामाया धान की आवक के लिए विशेष रूप से जानी जाती है। किसानों को उनकी कृषि उपज का उचित मूल्य मिलने से मंडी के साथ-साथ क्षेत्र का भी गौरव बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि भाटापारा मंडी सही मूल्य, उचित तौल और तत्काल भुगतान के लिए किसानों के बीच अपनी पहचान रखती है। यही वजह है कि अन्य जिलों से भी किसान अपनी कृषि उपज की गुणवत्ता के आधार पर उचित मूल्य प्राप्त करने के लिए यहां पहुंचते हैं।
27 हजार बोरा कृषि उपज की आवक
3 अक्टूबर को भाटापारा मंडी में करीब 27 हजार बोरा कृषि उपज की आवक दर्ज की गई। इसमें महामाया धान की आवक 22,940 बोरा, रगजा मोटा धान 3,014 बोरा, पतला धान 500 बोरा और उन्हारी की 500 बोरा आवक शामिल रही।
मंडी में विभिन्न कृषि उपजों के भाव भी दर्ज किए गए। नया महामाया धान 3561 रुपये, पुराना महामाया धान 2738 रुपये, रगजा मोटा 2372 रुपये, एचएमटी 3001 रुपये, श्रीराम 4100 रुपये और विष्णुभोग 5900 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका। वहीं उन्हारी में बटरी 3955 रुपये, चना 3001 रुपये और श्रीराम 4100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव रहे।
नई महामाया फसल को मिले रिकॉर्ड भाव से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल है। मंडी में अच्छी गुणवत्ता वाले धान की आवक बढ़ने के साथ किसानों को बेहतर कीमत मिलने की उम्मीद है।








