महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध तस्करी और संदिग्ध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, सिल्लियां और नकदी बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कार, चांदी और नकदी मिलाकर कुल 1 करोड़ 3 लाख 39 हजार 800 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
तलाशी के दौरान कार से मिले छह काले बैग
सीमावर्ती इलाकों में बहुमूल्य धातुओं के अवैध परिवहन पर नजर रखने के लिए पुलिस टीम पलसापाली नाका पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदेह के आधार पर सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (क्रमांक CG 23 Q 9222) को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की और सीट की जांच करने पर पुलिस को छह काले रंग के बैग मिले। जब इन बैगों को खोला गया, तो उनमें बड़ी मात्रा में चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और 6 चांदी जैसी सिल्लियां भरी हुई थीं। इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर तौलने पर इनका कुल वजन 52 किलो 528 ग्राम दर्ज किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस को वाहन से 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद हुए।
वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके कार सवार
पुलिस पूछताछ में कार में सवार दो व्यक्तियों की पहचान रायपुर जिले के गोबरानवापारा निवासी 45 वर्षीय उमेश कंसारी और गरियाबंद जिले के राजिम थाना क्षेत्र के बेलटूकरी निवासी 40 वर्षीय रोशन कुमार साहू के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों ने दोनों से बरामद चांदी और नकदी के स्वामित्व, खरीद-बिक्री और परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज जैसे GST बिल और ई-वे बिल प्रस्तुत करने को कहा। हालांकि, दोनों व्यक्ति मौके पर कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सके।
GST विभाग को सौंपी गई मामले की जानकारी
वैध दस्तावेजों के अभाव और संदिग्ध परिवहन की आशंका को देखते हुए बसना पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए 90 लाख रुपये की चांदी, 3 लाख 39 हजार 800 रुपये नकद और 10 लाख रुपये कीमत की कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगे की जांच और कर निर्धारण की कार्रवाई के लिए GST विभाग को सूचना भेज दी है।












