महासमुंद : सनसनीखेज हत्या का खुलासा, पानी विवाद में युवक की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद। जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, 22 मई से लापता युवक भुनेश्वर यादव हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या कर शव को महानदी किनारे रेत में दफनाने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पानी की समस्या को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक भुनेश्वर यादव की गुमशुदगी 22 मई को मंदिर हसौद थाना में दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक को आखिरी बार अपने परिचित नोहर दास और उसके साथियों के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि नोहर दास, अमित राजपूत, हेमचंद्र बंजारे और श्रवण दास रात्रे मृतक को लेकर मंदिर हसौद से नांदगांव महानदी घूमने पहुंचे थे।

इसी दौरान पानी की समस्या को लेकर मृतक और नोहर दास के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चारों आरोपियों ने भुनेश्वर यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। लात-घूंसों से की गई बेरहमी से पिटाई में भुनेश्वर यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी घबरा गए और मामले को छिपाने के लिए शव को महानदी किनारे रेत में दफना दिया। लेकिन पुलिस जांच में पूरा राज खुल गया।

सिटी कोतवाली पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।

Hot Topics

Related Articles