बसंतपुर सब्जी मंडी में तड़के हमला, कर्मचारियों को पीटा; CCTV के आधार पर दो आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव : शहर के बसंतपुर कृषि मंडी उपज परिसर स्थित थोक सब्जी मंडी में शुक्रवार तड़के कर्मचारियों से मारपीट और लूटपाट की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है, जहां बसंतपुर निवासी दो युवकों ने मंडी परिसर में घुसकर कर्मचारियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पूरी वारदात मंडी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी हथियार लेकर मंडी पहुंचे और वहां काम कर रहे कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। हमले में तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। घटना के बाद मंडी में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घायल कर्मचारी मयंक सायम ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह काम पर पहुंचा था, तभी दो युवक हाथ में लाठी-डंडा और धारदार हथियार लेकर आए और बिना किसी वजह के मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने जेब से पैसे छीनने की भी कोशिश की।

सीसीटीवी फुटेज वायरल होने और शिकायत मिलने के बाद बसंतपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के विरोध में थोक सब्जी मंडी संघ के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल समेत अन्य व्यापारी बसंतपुर थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मंडी संघ ने कहा कि मंडी परिसर में आए दिन चोरी, मारपीट और गाली-गलौज जैसी घटनाएं होती रहती हैं। करीब दो वर्ष पहले यहां हत्या की गंभीर वारदात भी हो चुकी है। व्यापारियों ने मंडी परिसर में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की है।

वहीं एएसपी किर्तन राठौर ने बताया कि मारपीट और लूटपाट की शिकायत पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही मंडी क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की बात भी कही गई है।

Hot Topics

Related Articles