भाटापारा,ग्राम खोखली में भाजपा महिला मोर्चा जिला बलौदाबाजार भाटापारा की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष सुनीता वर्मा के नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में पहुंचीं महिलाओं ने सावन महोत्सव को लोक संस्कृति और उल्लास के रंगों से भर दिया।
महोत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक खेलकूद, गीत-संगीत और नृत्य में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और संस्कृति की झलक देखने को मिली। महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ मिलकर सावन पर्व का आनंद लिया और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश कोर कमेटी सदस्य शिवरतन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद यादव, वरिष्ठ नेता राकेश तिवारी, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष महाबल बघेल और महिला मोर्चा जिला प्रभारी मिली बैनर्जी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिवरतन शर्मा ने कहा कि श्रावण मास भगवान महादेव की भक्ति के साथ वर्षा और हरियाली का भी प्रतीक है। यह जीवन में नई ऊर्जा और उमंग का संचार करता है। ऐसे आयोजन लोक परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। इससे महिलाओं को एक-दूसरे से परिचित होने और परिवार जैसा भाव विकसित करने का अवसर मिलता है।
आनंद यादव और मिली बैनर्जी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुनीता वर्मा ने अतिथियों का सम्मान कर आभार जताया। संचालन महिला मोर्चा महामंत्री गीता अग्रवाल और निर्मला रजक ने किया। कार्यक्रम में नीलम सोनी, सरिता जायसवाल, सत्यभामा, विद्या वर्मा, मंजू सोनी, संतोषी ढीमर, नीरा साहू, आयशा खान, अंजली, शकुन ध्रुव, सुखमणि साहू, निर्मला साहू, त्रिवेणी साहू, अनीता थावाईन आिद मौजूद थीं।








