मुंगेली: पितरों की स्मृति में होल्हाबाग नवयुवा समिति ने रोपे 20 बरगद-पीपल के पौधे, ट्री गार्ड से किया सुरक्षित

संदीप यादव मुंगेली। पितरों की पावन स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से होल्हाबाग नवयुवा समिति, बांकी द्वारा सराहनीय पहल करते हुए 20 बरगद और पीपल के पौधों का रोपण किया गया। समिति द्वारा रोपे गए सभी पौधों को ट्री गार्ड लगाकर सुरक्षित किया गया, जिससे वे आने वाले समय में विशाल वृक्ष बनकर सभी को छाया और शुद्ध हवा दे सकें।

इस अवसर पर समिति के संस्थापक रामपाल सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण अपने आप में एक महान पुण्य का कार्य है, परंतु जब बरगद और पीपल जैसे दीर्घायु और जीवनदायी वृक्षों को पितरों की स्मृति में लगाया जाता है, तो यह श्रद्धा, संस्कार और प्रकृति के प्रति दायित्व का अद्भुत संगम बन जाता है।

समिति के संयोजक नागेश साहू ने कहा कि पितरों के नाम पर लगाया गया हर एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए छाया, ऑक्सीजन और पर्यावरण की रक्षा का संदेश देगा। यह अभियान सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा भी समिति की पहली प्राथमिकता होगी।

समिति के अध्यक्ष पवन निर्मलकर ने कहा कि पितरों की याद में पौधरोपण करना हमारी भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण दोनों का समन्वय है। आज रोपे गए ये पौधे कल हमारी आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण और हरियाली देंगे और हमारे पूर्वजों की स्मृति को हमेशा जीवित रखेंगे।

इस पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान संस्था के संस्थापक रामपाल सिंह, संयोजक नागेश साहू, अध्यक्ष पवन निर्मलकर, उपाध्यक्ष मयंक कैवर्त, पिंटू पूरी, योगेंद्र गोस्वामी, पर्यावरण प्रभारी रिंकू यादव, अमित गिरी, योगेंद्र साहू, रंजीत गोस्वामी, मोनू साहू, पिंटू यादव, भूपेंद्र निर्मलकर, यशवंत साहू, युवराज सिंह, लोकेश साहू, भावेश गोस्वामी, गुडू निर्मलकर सहित होल्हाबाग नवयुवा समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी पौधों की देखरेख का संकल्प लिया।

Hot Topics

Related Articles