परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने किया नवनिर्मित भवन का लोकार्पण, सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी और डेढ़ करोड़ के विकास कार्यों की मंजूरी
बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर 2026। जिला परिवहन कार्यालय बलौदाबाजार को आधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त नवीन भवन की सौगात मिली है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को ग्राम पंचायत परसाभदेर में 174.41 लाख रुपये की लागत से निर्मित जिला परिवहन कार्यालय भवन का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर लोकार्पण किया।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिए 4 नई जिप्सी तथा सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न विकास कार्यों के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की।
लोकार्पण के बाद परिवहन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ नवनिर्मित कार्यालय भवन के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। मंत्रियों ने भवन के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना करते हुए कार्यालय में आने वाले लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
डिजिटल होंगे परिवहन संबंधी कार्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनआकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के परिवहन कार्यालयों को आधुनिक बनाया जा रहा है। आने वाले समय में परिवहन से संबंधित सभी कार्य डिजिटल किए जाएंगे, जिससे लोगों को घर बैठे सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने बताया कि बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में लगभग 2 लाख 14 हजार वाहन पंजीकृत हैं। मंत्री ने स्कूली बच्चों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने को लेकर अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
उन्होंने राहवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जिले के 5 पैक्स में परिवहन सुविधा केंद्र संचालित होने और अब तक 572 लर्निंग लाइसेंस जारी किए जाने पर भी उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
जल्द मिलेगी वाहन टेस्ट की सुविधा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने नवीन भवन के लिए जिलेवासियों को बधाई देते हुए कहा कि भवन स्वीकृत होने के पौने दो साल के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त कार्यालय का निर्माण पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में शीघ्र ही वाहन टेस्ट की सुविधा भी शुरू होने जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरों से लेकर गांवों तक लगातार विकास कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है।
लाइसेंस, हेलमेट और बुजुर्गों को बस पास वितरित
कार्यक्रम के दौरान 5 वाहन स्वामियों को ड्राइविंग लाइसेंस, 5 लोगों को हेलमेट तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गों को निःशुल्क बस पास वितरित किए गए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण
नवीन जिला परिवहन कार्यालय परिसर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। परिवहन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, अपर आयुक्त परिवहन डी. रविशंकर, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, एसपी गौरव राय, डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।








