मुंगेली :भारी बारिश के बीच कलेक्टर का मैदानी दौरा

मुंगेली l जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच मुंगेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का व्यापक मैदानी निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों की प्रगति, बाढ़ सुरक्षा, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, सड़क, पुल, पेयजल, कृषि तथा जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और सभी विभागीय अधिकारी फील्ड में रहकर 24×7 स्थिति की निगरानी करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।लगातार बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सभी विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा हो, वहां तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए। नगर पालिका, नगर पंचायत और जनपद पंचायत के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर राहत कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य और कृषि व्यवस्थाओं का निरीक्षण

कलेक्टर ने ग्राम अखरार पहुंचकर जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक घर तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन बाजार शेड का शेष कार्य शीघ्र पूरा करने तथा विद्यालय परिसर में खराब पड़े हैंडपंप को तत्काल सुधारकर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों के लिए पेयजल व्यवस्था बहाल करने को कहा।

उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खाद एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी ली तथा कृषि संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ग्राम में प्रस्तावित नवीन स्वास्थ्य केंद्र के लिए उपयुक्त शासकीय भूमि का शीघ्र चिन्हांकन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उप स्वास्थ्य केंद्र अखरार के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परिसर में स्थित जर्जर भवनों को पूरी तरह ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।

Hot Topics

Related Articles