संदीप यादव मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले में साइबर जागृति अभियान के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 8 सितंबर को पीएम श्री एकलव्य विद्यालय बंधवा और ग्राम गोंडखाम्ही एवं कोदवाबानी के साप्ताहिक बाजारों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 
पीएम श्री एकलव्य विद्यालय बंधवा में आयोजित कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक लोरमी माधुरी धिरही ने स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 450 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। सभी को साइबर फ्रॉड से बचने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा विषय पर रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बाजारों में 1000 लोग हुए जागरूक

इसके बाद थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम गोंडखाम्ही एवं थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कोदवाबानी में लगे मंगलवार साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम ने साइबर जागरूकता अभियान चलाया। सब्जी विक्रेताओं, किराना व्यापारियों, सोने-चांदी व्यापारियों, महिलाओं और आम नागरिकों सहित लगभग 1000 लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए और पम्पलेट वितरित किए गए।
पुलिस ने अपील की कि अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड, बैंकिंग पासवर्ड और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें, अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ठगी होने पर तत्काल बैंक एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें।
कार्यक्रम में उप निरीक्षक सुंदर लाल गोरले, थाना प्रभारी लालपुर प्र.उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, तेज मरकाम, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास, अतुल ठाकुर सहित थाना लालपुर एवं लोरमी के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








