असलम रज़ा ,बीजापुर। मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल, मांडीडुला, बीजापुर में नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य महोदय द्वारा दीप प्रज्वलन कर एवं देवी दुर्गा की नवमूर्तियों की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक परंपराओं और त्योहारों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ देकर भारतीय संस्कृति की विविधता को जीवंत कर दिया।
विद्यार्थियों द्वारा गुजरात के प्रसिद्ध गरबा, डांडिया, छत्तीसगढ़ी लोक परंपराओं, पश्चिम बंगाल की दुर्गा पूजा और दक्षिण भारत में नवरात्रि व दशहरा मनाने की विविध शैलियों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था तथा राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री एम. शशि कुमार सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री एम. शशि कुमार ने भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना को विकसित करते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़कर एक बेहतर नागरिक बनाने में सहायक होते हैं।
कार्यक्रम का समापन अत्यंत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।






