- कुल सीटों में 124 स्टेट कोटा, 22 ऑल इंडिया कोटा और 4 भारत सरकार के लिए निर्धारित हैं।
कमलकांत पाटनवार बिलासपुर: छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस की 150 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने वाली है। प्रबंधन ने काउंसिलिंग और दाखिले से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बार कुल सीटों का वर्गीकरण तय कर दिया गया है। इसके तहत स्टेट कोटा से 124 सीटें भरी जाएंगी, जबकि आल इंडिया कोटा के तहत 22 सीटें आरक्षित की गई हैं। इसके अलावा चार सीटें भारत सरकार के लिए निर्धारित हैं। प्रवेश प्रक्रिया के तहत सबसे पहले स्टेट कोटा की सीटें भरी जाएंगी। इसके बाद आल इंडिया कोटा और आखिर में भारत सरकार के लिए आरक्षित चार सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।
सिम्स के डीन डा. रामनेश मूर्ति ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में है। नीट की आल इंडिया और स्टेट रैंक के आधार पर अगले एक सप्ताह के भीतर आधिकारिक वेबसाइट पर विद्यार्थियों के नाम और रैंक अपलोड कर दिए जाएंगे। सूची जारी होते ही 10 अगस्त के बाद प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने की पूरी संभावना है।






