राजनांदगांव : तीन साल पुरानी जानकारी छिपाना पड़ा भारी, गैंदाटोला स्कूल के प्राचार्य सस्पेंड

राजनांदगांव  । परीक्षा में पास कराने के नाम पर नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने के मामले में शिक्षक की गिरफ्तारी के बाद संबंधित स्कूल के प्राचार्य को भी सस्पेंड कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग मंत्रालय रायपुर द्वारा जारी आदेश के मुताबिक शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गैंदाटोला के प्राचार्य विनोद कुमार मंडलोई को निलंबित कर दिया गया है।जारी आदेश में कहा गया है कि लगभग तीन वर्ष पूर्व इस मामले की जानकारी होने के बावजूद प्राचार्य द्वारा उच्च कार्यालय को सूचित नहीं किया गया। यह प्रशासनिक लापरवाही तथा छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 3 का उल्लंघन पाया गया है। पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही व अनुशासनहीनता पाए जाने पर प्राचार्य विनोद कुमार मंडली को निलंबित कर दिया गया है।

इस दौरान उन्हें मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा दुर्ग में अटैच किया गया है। ज्ञात हो कि लगभग सप्ताह भर पूर्व नाबालिग छात्रा ने गैंदाटोला थाने पहुंच कर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया था कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसे विज्ञान विषय में पूरक की पात्रता मिली थी।विज्ञान विषय के सहायक शिक्षक तिलक यदु (48 वर्ष) निवासी ग्राम तेलगान ने नाबालिग छात्रा को विज्ञान के विषय में मिली पूरक की परीक्षा में उत्तीर्ण करने का आश्वासन दिया। परीक्षा में पास कराने के नाम पर उसने नाबालिग छात्रा पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बनाया।

इससे नाबालिग छात्रा मानसिक रूप से काफी परेशान रहती थी। उसने सबसे पहले इस मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन आरोप है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई न करते हुए संबंधित स्कूल के प्राचार्य को थाने बुलाकर इस मामले में समझौता कराने का प्रयास किया गया।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग छात्रा ने पूर्व महिला सरपंच के पुत्र रमीश कुरैशी पिता खलील अहमद कुरैशी के खिलाफ भी मोबाइल में अश्लील मैसेज करने की शिकायत दर्ज कराई थी।

एफआईआर दर्ज होने के बाद से रमीश फरार था जिसने गैंदाटोला थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर’ दिया जिसे गिरफ्तार करते हुए न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया

Hot Topics

Related Articles