राजनांदगांव । मानव मंदिर चौक में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने नरेश वॉच दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने गल्ले में रखे 2 लाख 50 हजार रुपए नगद के साथ ही दर्जन भर महंगी घड़ियों को भी गायब कर दिया। यह घटना भी उसी दिन की है जिस दिन गणेश मेडिकल स्टोर्स में चोरी की गई थी। दूसरे दिन गुरुवार होने से संचालक ने दुकान नहीं खोली थी। आज सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी हुई। मामला कोतवाली थाने में दर्ज कराया गया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के मानव मंदिर चौक में 17 – 18 सितंबर की दरम्यानी रात दो दुकानों में दंबिश देकर आरोपियों ने चोरी की है। पुरानी राम टॉकीज कॉम्प्लेक्स स्थित नरेश वॉच कंपनी पुरानी संस्था है, जो घड़ियों का बड़ा और उच्च स्तरीय स्टॉक रखने के लिए जाना जाता है। बुधवार को दुकान बंद करने के बाद दुकान संचालक अनिल परचानी अपने घर चले गए। दूसरे दिन गुरूवार छुट्टी का दिन होने से वे दुकान नहीं आए। आज सुबह जब वे दुकान पहुंचे तो गल्ले में रखे 2 लाख 50 हजार रुपए वहां नहीं थे। बाद में घड़ियों के रैक को चेक करने पर पाया गया कि महंगी हाथ घड़ियां एक दर्जन से ज्यादा गायब थीं। श्री परचानी ने बताया कि गायब घड़ियों की कीमत औसतन 70-80 हजार रुपए है।
गणेश मेडिकल में चोरी करने से पूर्व आरोपियों ने नरेश वॉच में चोरी की। यह फुटेज से समझ आ रहा है। नरेश वॉच के कैमरे में चार आरोपी स्पष्ट नजर आ रहे हैं। उनका चेहरा भी खुला हुआ है। इन्हीं लोगों ने जब गणेश मेडिकल स्टोर्स में धावा बोला तो अंदर तीन लोग और एक बाहर था। आज रिपोर्ट के बाद पुलिस ने फुटेज निकाले हैं। चोरी के बाद ई-रिक्शा में बैठकर स्टेशन की ओर जाना भी फुटेज में दिख रहा है। आरोपियों ने दोनों ही संस्थाओं में घुसने के लिए दुकान से सटे वृक्ष का सहारा लिया।





