राजनांदगांव: पीटीएस राजनांदगांव में शान से लहराया तिरंगा, डॉ. रमन सिंह ने ली परेड की सलामी

राजनांदगांव। पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (पीटीएस) राजनांदगांव में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान भव्य परेड और स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह भर दिया।

समारोह में पुलिस विभाग की ओर से आकर्षक एवं अनुशासित परेड प्रस्तुत की गई। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस विभाग के 24 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज श्री अजय कुमार यादव, कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आधुनिक पुलिसिंग और साइबर सुरक्षा की दिखी झलक

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस विभाग ने आम नागरिकों को आधुनिक पुलिसिंग और सुरक्षा तकनीकों से परिचित कराने के लिए विभिन्न उपकरणों एवं सेवाओं का प्रदर्शन किया। इसमें साइबर फॉरेंसिक किट, टावर लोकेशन सिस्टम, डायल-112 वाहन, इंटरसेप्टर वाहन, हाईवे पेट्रोलिंग, फिंगरप्रिंट एवं एफएसएल किट, ट्रैफिक किट, ब्रेथलाइजर और वायरलेस उपकरण शामिल रहे।

वहीं “साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़” के संदेश के साथ साइबर सेल्फी जोन भी बनाया गया। इसके माध्यम से नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और जनसेवा का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया। जिलेभर में भी स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ गरिमापूर्वक मनाया गया।

Hot Topics

Related Articles