राजनांदगांव: मोहारा बायपास में चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

राजनांदगांव। मोहारा बायपास स्थित आम स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को भयभीत करने वाले एक युवक को बसंतपुर पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 20 सितंबर 2026 को थाना बसंतपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहारा बायपास में एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर उसे लहरा रहा है और आम लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान राकेश पटेल (32), पिता स्व. जोहन पटेल, निवासी सागरपारा, थाना बसंतपुर, जिला राजनांदगांव के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना बसंतपुर में आपराधिक प्रकरण दर्ज होना पाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हीरामणी, आरक्षक अतहर अली, जामिन्द्र वर्मा सहित थाना बसंतपुर के पुलिस स्टाफ की भूमिका रही। बसंतपुर पुलिस ने बताया कि अवैध शराब, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Hot Topics

Related Articles