राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने ब्लाइंड चोरी के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए अंतर्राज्यीय शातिर चोर गिरोह के दो आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया है।
साइबर सेल और थाना बसंतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी किए गए सोने के आभूषणों को गलाकर बनाया गया लगभग 35 ग्राम का सोने का डल्ला, चांदी के जेवर, चांदी के सिक्के तथा अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कौरिनभांठा निवासी उमाशंकर साहू ने 18 जुलाई 2026 को थाना बसंतपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे 13 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ नवा रायपुर स्थित पुत्री के घर गए थे। 17 जुलाई की रात घर लौटने पर मुख्य गेट और चैनल गेट के ताले टूटे मिले तथा अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और 80 हजार रुपये नकद सहित करीब 2.48 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में थाना बसंतपुर एवं साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
निरीक्षक कौशलेश देवांगन और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। शहरभर में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया, जिससे आरोपियों के राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते महाराष्ट्र भागने के महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद पुलिस टीम नागपुर पहुंची और संदेहियों रमाकांत उर्फ रामभाऊ (28 वर्ष) तथा वाल्सल सातपुटे (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी किए गए सोने के आभूषणों को गलाकर सोने का डल्ला बना लिया था, ताकि उनकी पहचान छिपाई जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 35 ग्राम का सोने का डल्ला, चांदी की बिछिया, तीन जोड़ी पायल, 19 चांदी के सिक्के, एक अन्य जोड़ी बिछिया, नगदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रमाकांत उर्फ रामभाऊ के खिलाफ वर्ष 2018 में थाना बसंतपुर और थाना लालबाग में चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक कौशलेश देवांगन, निरीक्षक विनय पम्मार, उप निरीक्षक इब्राहिम खान, प्रधान आरक्षक बसंत राव तथा आरक्षक अविनाश झा, आशीष मानिकपुरी, हरिश ठाकुर, मोहसीन खान, भुनेश्वर जायसी, कुश बघेल और मोहन साहू की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी विश्लेषण, साक्ष्यों के वैज्ञानिक परीक्षण और त्वरित कार्रवाई की बदौलत इस ब्लाइंड चोरी का सफल खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया गया।






