1 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक जीतकर जिले का बढ़ाया गौरव
बलौदाबाजार। रायगढ़ में 26 से 28 सितंबर तक आयोजित 22वीं जूनियर एवं सीनियर तथा 9वीं कैडेट राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ ताइक्वांडो एसोसिएशन एवं रायगढ़ जिला ताइक्वांडो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 9 खिलाड़ियों ने कुल 9 पदक अपने नाम किए। इनमें 1 स्वर्ण, 4 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल हैं।

प्रतियोगिता में मेहविश मिजबा ने जूनियर बालिका वर्ग के 60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। वहीं, सानिया निषाद ने जूनियर 42 किलोग्राम, सुमन ध्रुव ने जूनियर 46 किलोग्राम, निखिल साहू ने जूनियर 45 किलोग्राम तथा ऐश कुमार साव ने कैडेट 37 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
इसी तरह धारनी साहू ने कैडेट 41 किलोग्राम, नेहा निषाद ने जूनियर 49 किलोग्राम, आंचल निषाद ने जूनियर 52 किलोग्राम तथा पुष्पेंद्र ने कैडेट 32 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता में जिले की ओर से अखिलेश कैवर्त्य एवं रजनी लहरे ने रेफरी के रूप में अपनी सेवाएं दीं, जबकि दिनेश साहू ने कोच के रूप में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव आदित्य सिंह ने सभी पदक विजेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे आगे भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।








