बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार)
आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण अंचलों के स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) रोग से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के स्व. दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल कोनी में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय निश्शुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में मुंबई के प्रसिद्ध स्पाइन फाउंडेशन आफ इंडिया के 9 वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देने बिलासपुर पहुंचेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को जटिल बीमारियों के इलाज के लिए महानगरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना और स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर में प्रदेशभर से आने वाले रीढ़ की हड्डी से जुड़े गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया जाएगा।
चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होने पर आपरेशन भी पूरी तरह निश्शुल्क किया जाएगा। इस अभियान में हास्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग के अनुभवी चिकित्सक भी साझीदार रहेंगे, ताकि मरीजों को बेहतरीन और सुरक्षित इलाज मिल सके।
अप्रैल में भी मिल चुकी है शिविर
इससे पहले भी इसी वर्ष 3 से 5 अप्रैल को हास्पिटल में स्पाइन फाउंडेशन आफ इंडिया के सहयोग से ऐसा ही शिविर लगाया गया था। शिविर की सफलता और मरीजों को मिले अप्रत्याशित लाभ को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एक बार फिर इस बड़े आयोजन का बीड़ा उठाया है।
हास्पिटल के संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से उन गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बहुत संबल मिलता है, जो आर्थिक तंगी के चलते बड़े शहरों के महंगे अस्पतालों में अपना इलाज कराने में असमर्थ होते हैं। प्रशासन ने रीढ़ की हड्डी की समस्या से जूझ रहे मरीजों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।








