जियाउल खान ,लखनपुर सरगुजा
- नेशनल हाईवे-130 पर लगातार बढ़ रही डीजल चोरी की घटनाएं, लहपटरा टोल प्लाजा के पास भी चोरी का प्रयास
लखनपुर। अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 स्थित लखनपुर में रेहान बिरयानी के सामने खड़े ट्रक से कार सवार अज्ञात चोरों ने 30 लीटर डीजल चोरी कर लिया। घटना 15 और 16 अक्टूबर की दरमियानी रात लगभग 3:30 से 4:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही डीजल चोरी की घटनाओं को लेकर ट्रक मालिकों और नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार, लखनपुर निवासी आलोक गुप्ता के ट्रक क्रमांक CG 14 MS 9101 का चालक संतोष कुमार वैष्णव लखनपुर बस स्टैंड में आयोजित जागरण कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात लगभग 3 बजे लौटने के बाद वह अपने ट्रक में सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रक से करीब 30 लीटर डीजल चोरी कर लिया। दूसरे ट्रक चालक से जानकारी मिलने पर संतोष कुमार वैष्णव को चोरी की घटना का पता चला, जिसके बाद उसने तत्काल ट्रक मालिक को फोन कर इसकी सूचना दी।
बताया जा रहा है कि कार सवार अज्ञात चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि लखनपुर में डीजल चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद लहपटरा टोल प्लाजा के पास भी ट्रकों से डीजल चोरी करने का प्रयास किया गया। हालांकि, ट्रक चालक के जाग जाने के कारण चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।
लगातार हो रही चोरी से ट्रक मालिक परेशान
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही डीजल चोरी की घटनाओं से ट्रक मालिकों और वाहन चालकों में चिंता बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।
घटना की सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इन घटनाओं पर रोक लगाने और कार सवार अज्ञात चोरों की पहचान कर कार्रवाई करने के लिए क्या कदम उठाती है।






