- खुले परिसर में रखी मिली आयरन सिरप व विटामिन-ए की दवाएं, जांच की मांग तेज
जियाउल खान ,लखनपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और बच्चों को वितरित की जाने वाली निःशुल्क दवाओं के भंडारण और वितरण व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। अस्पताल परिसर में आयरन सिरप, विटामिन-ए सहित अन्य दवाएं खुले में रखी मिलीं, जिनमें कुछ दवाओं के एक्सपायरी होने का दावा किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में कई बार सामान्य दवाएं और जरूरी गोलियां भी उपलब्ध नहीं रहतीं, जिससे मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। वहीं दूसरी ओर बड़ी मात्रा में दवाओं का खुले में रखा जाना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर मीडिया की टीम अस्पताल पहुंची। आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान फार्मासिस्ट ने पत्रकार का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। इसके बाद खुले में रखी दवाओं को स्टोर रूम में रखवा दिया गया।
दवा वितरण प्रभारी अमित सिसोदिया ने बताया कि आयरन सिरप एक्सपायर नहीं हुआ है और उसकी वैधता वर्ष 2027 तक है, जबकि कुछ विटामिन-ए दवाओं के एक्सपायर होने की बात स्वीकार की।
वहीं बीएमओ डॉ. ओ. पी. प्रसाद ने कहा कि अस्पताल में दवाओं के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, इसलिए वितरण के लिए सिरप की पेटियां बरामदे के पास रखी गई थीं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी दवा की एक्सपायरी अवधि संबंधित कंपनी के मानकों के अनुसार निर्धारित होती है और रिकॉर्ड देखने के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकती है।






