लोरमी के कारीडोंगरी जंगल में बाघिन का आतंक, दो हिरणों का शिकार कर बनाया निवाला, वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के जंगल में एक बाघिन ने दो हिरण का शिकार किया है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। पूरे क्षेत्र में सतर्कता के लिए मुनादी कराने के साथ-साथ बाघिन की खोजबीन शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में अलर्ट जारी कर विभाग ने निगरानी व खोजबीन के लिए ट्रैप कैमरा भी लगा दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ को एक बाघिन का पग मार्ग दिखा, उन्होंने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी। अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले ने आसपास गस्त किया, तब शाम को ही कक्ष क्रमांक 494/95 में दो हिरण मृत अवस्था में पाया गया। जिसे देखते हुए बाघिन के हमले से हिरण का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है।

बाघिन का पगमार्ग मिलने और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल निगरानी के लिए आदेश दिए हैं। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो।

उपवनमंडलाधिकारी डी एस सूर्यवंशी ने बताया कि वन अमले के द्वारा बाघिन की तलाश की जा रही है, उन्होंने बाघिन को संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व में जाने की आशंका जताई है। वनमंडल अधिकारी तन्मय कौशिक ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया गया है और नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है।

वन विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी झलरी दुल्लापुर खुड़िया कंसरी सहित आसपास के सभी ग्रामों के निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें। मवेशियों को जंगल में चरने के लिए न ले जाएं, बाघिन अथवा उसके पग मार्ग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें।

Hot Topics

Related Articles