लोरमी: हजारों बहनों के साथ उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मनाया तीजा तिहार, सपत्नीक की महादेव की पूजा

संदीप यादव लोरमी/मुंगेली छत्तीसगढ़ के पारंपरिक तीजा तिहार को लोरमी में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रविवार को मानस मंच में क्षेत्र की हजारों महतारी-बहनों के साथ तीजा तिहार मनाया। लोरमी के भाइयों की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों बहनें शामिल हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान महादेव की पूजा-अर्चना से हुई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सपत्नीक भगवान भोलेनाथ की पूजा कर सभी बहनों के सुख-समृद्धि की कामना की।

बहनों का प्रणाम कर किया स्वागत

उप मुख्यमंत्री साव ने तीजा तिहार पर क्षेत्र की सभी बहनों को प्रणाम कर स्वागत किया और आयोजन में शामिल होने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि लोरमी की सभी बहनों के घर धन-धान्य, सुख और समृद्धि से भरे रहें, उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण हों और परिवार में खुशहाली बनी रहे।

छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा का पर्व है तीजा

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ का पारंपरिक त्योहार है। इस अवसर पर माताएं-बहनें पति की लंबी उम्र की कामना के लिए मायके में निर्जला व्रत रखती हैं। मायके में उन्हें भाइयों का स्नेह मिलता है और बचपन की सहेलियों से मुलाकात के साथ पुरानी यादें ताजा होती हैं। तीजा तिहार अपनापन, प्रेम और पारिवारिक जुड़ाव का पर्व है। उन्होंने कहा कि लोरमी के भाइयों ने मिलकर क्षेत्र की बहनों के लिए इस आयोजन की शुरुआत की है।

लोकगीतों पर झूमी महिलाएं

कार्यक्रम में प्रदेश की प्रसिद्ध लोकगायिका *गरिमा दिवाकर, स्वर्णा दिवाकर और उनकी अंजोर टीम* ने लोकगीतों एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। ‘तीजा पोरा’, ‘आगे भाग हमर खुलगे’ और ‘तरी हरि नाना’ जैसे गीतों ने बहनों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन में छत्तीसगढ़ी संस्कृति, परंपरा और भाई-बहन के स्नेह की झलक देखने को मिली।

Hot Topics

Related Articles