संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में लोरमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए मात्र 26 घंटे के भीतर 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
खुड़िया डैम से बाइक चोरी का मामला
प्रार्थी चंद्रशेखर पटेल पिता ओंकार पटेल उम्र 28 साल निवासी मंगला बिलासपुर ने 18 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 सितंबर को वह अपनी मां के साथ खुड़िया डैम घूमने गया था। उसने अपनी बाइक क्रमांक CG-10 AT-2684 को खुड़िया बांध के नीचे खड़ी की थी। घूमकर वापस आने पर उसकी बाइक गायब थी। इस पर थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 400/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
ऐसे पकड़ाए आरोपी
विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती माधुरी धिरही के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अखिलेश वैष्णव ने मुखबिर सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने संदेही चरन कुर्रे (22) और अमित चेलकर (21) दोनों निवासी अमलडीही, थाना लोरमी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने खुड़िया डैम से बाइक चोरी के साथ-साथ अन्य जगहों से 5 और बाइक चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 06 नग मोटरसाइकिल कीमत 2 लाख 10 हजार रुपए जब्त की है। आरोपी चरन कुर्रे से 3 बाइक और आरोपी अमित चेलकर से 3 बाइक बरामद हुई हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 3(5) BNS जोड़कर 19.09.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस संपूर्ण कार्रवाई में निरीक्षक अखिलेश वैष्णव थाना प्रभारी लोरमी, प्रआर. दयाल गवास्कर, आरक्षक राजू साहू, ईश्वर मरावी, कवि टोप्पो, युगल किशोर, रेखराम नेताम एवं सैनिक कुलदीप सिंह की सराहनीय भूमिका रही।








