वामन अवतार से मिला संदेश, मांगने वाला छोटा और देने वाला होता है बड़ा : पं. मनोज दुबे

भागवत कथा के चौथे दिन माधव दास चरित्र का भावपूर्ण वर्णन, श्रीराम और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर झूमे श्रद्धालु

भाटापारा,मातादेवालय वार्ड में आयोजित आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालु प्रतिदिन भक्ति रस में सराबोर हो रहे हैं। कथा के चौथे दिन कथावाचक आचार्य भागवत भूषण पंडित मनोज दुबे ने माधव दास चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। साथ ही भगवान विष्णु के वामन अवतार की महिमा और उसके आध्यात्मिक संदेश को संगीतमय शैली में प्रस्तुत किया। इस अवसर पर श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन भी हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ झूम उठे।

वामन अवतार का प्रसंग सुनाते हुए पंडित मनोज दुबे ने बताया कि भगवान विष्णु ने राजा बलि के यज्ञ में एक छोटे ब्राह्मण बालक के रूप में वामन अवतार धारण किया था। भगवान का स्वरूप भले ही आकार में छोटा था, लेकिन उनकी सत्ता और सामर्थ्य विराट एवं असीम थी। उन्होंने इस प्रसंग के माध्यम से जीवन का महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि मांगने वाला छोटा और देने वाला हमेशा बड़ा होता है। भगवान ने वामन स्वरूप में प्रकट होकर अपने तीन पगों से संपूर्ण ब्रह्मांड को नाप लिया और अपनी विराट महिमा का परिचय दिया। यह प्रसंग मनुष्य को विनम्रता, दान, समर्पण और ईश्वर की असीम शक्ति का बोध कराता है।

इसके पश्चात भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया गया। भगवान के धरती पर अवतरण की कथा का संगीतमय वर्णन होते ही कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने ‘जय श्रीराम’ और ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे लगाए। इस दौरान पूरा पंडाल भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।

उल्लेखनीय है कि पटेल परिवार द्वारा स्वर्गीय वेदप्रकाश पटेल की वार्षिक श्राद्ध एवं पूर्वजों की मोक्ष प्राप्ति की कामना से आठ दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन कराया जा रहा है। कथा के प्रत्येक दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ ले रहे हैं। आयोजन के प्रति लोगों में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिल रही है।

कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान की विभिन्न लीलाओं के साथ ही जीवन में धर्म, सदाचार, सेवा, दान, समर्पण और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी जा रही है।

Hot Topics

Related Articles