विधायक इंद्र साव की गाड़ी पर पथराव, बाल-बाल बचे विधायक

ग्राम कड़ार के पास की घटना, वाहन को नुकसान पहुंचने की जानकारी; पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

भाटापारा। विधानसभा क्षेत्र भाटापारा के ग्राम कड़ार के पास बीती रात विधायक इंद्र साव की गाड़ी पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि विधायक ग्राम लेवई में आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कड़ार के पास उनकी गाड़ी को पत्थर से निशाना बनाया गया। अचानक हुए पथराव में विधायक बाल-बाल बच गए, जबकि वाहन को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

पथराव से मची अफरा-तफरी

घटना के दौरान वाहन में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। घटना के बाद मामले की शिकायत भाटापारा ग्रामीण थाना में किए जाने की जानकारी मिली है। शिकायतकर्ता पक्ष के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। हालांकि, अब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

आरोपियों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती

घटना के बाद पुलिस के सामने पथराव करने वालों की पहचान करने और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने की चुनौती है। पथराव किसी पुराने विवाद का परिणाम था या फिर विधायक की गाड़ी को जानबूझकर निशाना बनाया गया, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। घटना ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाना प्रभारी से नहीं हो सका संपर्क

घटना के संबंध में भाटापारा ग्रामीण थाना प्रभारी हेमंत पटेल से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई थी। फिलहाल, मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।

Hot Topics

Related Articles