गरबा ड्रेस में सिगरेट पीते और पिस्टल दिखाते नजर आईं युवतियां, 9 गिरफ्तार

कमलकांत पाटनवार 

बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गरबा ड्रेस पहनकर लड़कियों ने सिगरेट पीते और पिस्टल दिखाते हुए रील बनाई। नवरात्रि से पहले गरबा पास के प्रचार के लिए ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाने पर यह वीडियो बनाया गया था। वीडियो में लड़कियां सिगरेट के कश लगाती और पिस्टल लहराती नजर आईं। रील में हाईवे पर शूटिंग के दौरान ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने SP ऑफिस पहुंचकर लिखित शिकायत दी और वीडियो में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने युवतियों को थाने बुलाया। मामले में युवतियों समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू नाम की लड़की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े कुछ वीडियो अपलोड किए हैं। आरोप है कि इन वीडियो में गरबा ड्रेस में युवतियों को सिगरेट पीते हुए और पिस्टल दिखाते और लड़कों के साथ बाइक पर बैठकर गरबा पास का प्रचार करते हुए दिखाया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि, पवित्र पर्व नवरात्रि और गरबा की आड़ में इस तरह का कंटेंट परोसकर सनातन संस्कृति का अपमान किया गया। इससे आम लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वीडियो के साथ दिए गए डिस्क्लेमर में हथियार को खिलौना बताया गया है। वहीं, स्मोकिंग को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए चेतावनी भी दी गई है। यह वीडियो शहर की ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट शिफा मैथ्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया गया था। कैप्शन में ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ और ‘बिना लड़कियों के गरबा पास किसी काम नहीं’ लिखा गया था।

बजरंग दल के प्रांत पदाधिकारी अंकुश ठाकुर ने बताया कि नवरात्रि पर शहर में गरबा शुरू होने वाला है। उनका आरोप है कि शिफा मैथ्यू नाम की युवती ने गरबा ड्रेस में पास बेचने के लिए कंटेंट बनाया है, जिसमें पिस्टल दिखाई गई और महिलाओं को सिगरेट पिलाते हुए दिखाया गया। ठाकुर का आरोप है कि यह वीडियो रतनपुर के संरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्र गज किला में बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के कंटेंट से धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। एडिशनल एसपी सिटी पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। रास-गरबा कार्यक्रम के प्रचार के लिए यह रील बनाई गई थी। वीडियो में युवतियां पिस्टलनुमा हथियार लेकर और सिगरेट पीते हुए दिखाई दे रही हैं। शूटिंग के दौरान रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद तेजी से वायरल हो गया। पुलिस ने मामले में सार्वजनिक सड़क पर शूटिंग और धार्मिक भावनाओं से जुड़े पहलुओं को लेकर केस दर्ज किया है।

Hot Topics

Related Articles