भाटापारा। विधायक इन्द्र साव ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराई है। विधायक इंद्र साव पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर कई मामलों को उनके संज्ञान में लाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
विधायक इन्द्र साव ने गुर्रा, दौरेंगा, दतरेंगी और सेमरिया (ब) में हुई मौतों से जुड़े मामलों की जांच का मुद्दा उठाया। उनका कहना है कि इन मामलों में सामने आए तथ्यों की निष्पक्षता से जांच होना जरूरी है, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उसके लिए जिम्मेदारी तय की जा सके।
विधायक ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष सिंगारपुर क्षेत्र में कथित अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा भी रखा। इसके साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई। विधायक ने पुलिस प्रशासन से कहा कि संबंधित मामलों में कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी कदम उठाए जाएं। इस दौरान विधायक इन्द्र साव के साथ पीड़ित पक्ष के लोग भी पुलिस अधीक्षक से मिले। उन्होंने संबंधित मामलों में जांच की स्थिति, कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को प्रमुखता से रखा।
विधायक इन्द्र साव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो थाना घेराव कर आंदोलन किया जाएगा। इस बयान के बाद अब पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।















