जियाउल खान | लखनपुर, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़)
- सामुदायिक भवन के सामने खड़ी थी पल्सर, पुलिस ने दर्ज किया मामला
लखनपुर। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आए एक सरपंच की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने चोरी कर ली। घटना के बाद सरपंच ने लखनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार 9 अगस्त, रविवार को सरपंच संघ के तत्वावधान में लखनपुर स्थित सामुदायिक भवन में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे पलगड़ी ग्राम पंचायत के सरपंच सूरज सिंह पैकरा ने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 DC 5804 सामुदायिक भवन के सामने खड़ी की थी और कार्यक्रम में शामिल होने अंदर चले गए।
रात करीब 7:30 बजे जब वे कार्यक्रम से वापस लौटे तो मौके पर मोटरसाइकिल नहीं मिली। आसपास खोजबीन करने के बाद भी बाइक का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद सरपंच ने लखनपुर थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
लखनपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य माध्यमों से चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।








