गिधौरी। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 03 नवंबर 2026 को थाना गिधौरी पुलिस की टीम ने वेदांता पब्लिक स्कूल गिधौरी में यातायात एवं सड़क सुरक्षा सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
सोशल मीडिया और ऑनलाइन गेमिंग के दुष्प्रभावों से किया जागरूक
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं सोशल मीडिया पर रील्स देखने की बढ़ती लत से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही फ्री फायर जैसे ऑनलाइन गेम के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
नशा मुक्ति और बाल सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को नशे से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक नुकसान के बारे में बताया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वहीं बाल सुरक्षा के तहत गुड टच और बैड टच के बीच अंतर समझाते हुए बताया कि किसी भी असहज परिस्थिति में बिना डरे अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा पुलिस को तत्काल जानकारी दें।
नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने की दी समझाइश
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने स्पष्ट रूप से कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चे किसी भी प्रकार का मोटर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को करियर गाइडेंस देते हुए लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने और भविष्य में बेहतर मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने थाना गिधौरी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक, जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।







