शिवघाट का होगा कायाकल्प, 1.24 करोड़ से होगा सौंदर्यीकरण – उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया भूमिपूजन

संदीप यादव मुंगेली/लोरमी।नगर के आस्था के केंद्र शिवघाट को अब नया रूप मिलने जा रहा है। सोमवार को लोरमी विधायक एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने संत विवेकगिरी महाराज की मौजूदगी में 1 करोड़ 24 लाख की लागत वाले जीर्णोद्धार और ब्यूटीफिकेशन प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया।

इस योजना के पूरा होने से शिवघाट परिसर का लुक पूरी तरह बदल जाएगा और श्रद्धालुओं को ज्यादा सुविधाएं मिलेंगी। भूमिपूजन के साथ ही स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

उपमुख्यमंत्री साव ने इस मौके पर कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि पुराने धार्मिक स्थलों को बचाते हुए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से जोड़ा जाए। लोरमी में जनभावनाओं से जुड़े सभी स्थलों का विकास हमारी प्राथमिकता में है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी ने जिस तरह काशी और महाकाल लोक को संवारा है, उसी तर्ज पर हम अपने स्थानीय धरोहरों को भी संवार रहे हैं। हाल ही में बाबाघाट का काम पूरा कर उसे जनता को सौंपा गया है।

नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा ने कहा कि लोरमी नगर में बुनियादी काम जैसे सड़क, नाली, बिजली, पानी के साथ-साथ अब धार्मिक स्थलों के विकास पर भी तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने इस सौगात के लिए डिप्टी सीएम का आभार जताया।

लोक निर्माण विभाग के सभापति विश्वास दुबे ने कहा कि ये काम शुरू होना हम सबके लिए बड़ी उपलब्धि है। लोगों की सालों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि काम को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा।

गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट के तहत घाट की मरम्मत, लाइटिंग, हरियाली, सुंदर प्रवेश द्वार और बैठने की व्यवस्था जैसे कई काम किए जाएंगे, जिससे शिवघाट न सिर्फ धार्मिक बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी आकर्षक बनेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, गुरमीत सलूजा, धर्मात्मा यादव, दिनेश साहू, संतोष साहू, सुशील यादव, अशोक साहू, अमिताभ तिवारी, विनोद राजपूत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नगरवासी मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles