बलौदा बाजार भाटापारा,सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और हादसे के बाद के शुरुआती एक घंटे में उनकी जान बचाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है।
इसे लेकर बुधवार को यातायात परिसर बलौदाबाजार में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात संजय कुमार साहू के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में योजना की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में जिला दुर्घटना प्रबंधन प्रतिनिधि मनोज मांडले ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत डेढ़ लाख रुपए तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। यह सुविधा जिले के पंजीकृत शासकीय अस्पतालों के साथ निजी अस्पतालों में भी लागू है। इसका उद्देश्य आर्थिक परेशानी के कारण उपचार में होने वाली देरी को रोकना है।
कार्यशाला में सिटी कोतवाली, पलारी थाना और करहीबाजार चौकी के विवेचक, अपराध एवं अपराध सूचना प्रणाली के आरक्षक तथा शासकीय और निजी अस्पतालों के संबंधित कर्मचारी शामिल हुए। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती एक घंटा घायल के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान बिना आर्थिक या प्रशासनिक बाधा के उपचार मिलना उसकी जान बचाने में निर्णायक हो सकता है।
पुलिस और जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। अधिकारियों ने दुर्घटना की जानकारी तत्काल ऑनलाइन दुर्घटना सूचना प्रणाली और ई-डीएआर पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई। अस्पताल से उपचार के लिए प्राप्त ऑनलाइन आवेदन का थाना स्तर पर विवेचकों द्वारा तत्काल सत्यापन कर स्वीकृति देने पर भी जोर दिया गया। पुलिस और अस्पताल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय से कागजी प्रक्रिया में लगने वाले समय को कम कर घायल का उपचार जल्द शुरू कराने की बात कही गई।








