संभागायुक्त ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर इंजीनियर को लगाई फटकार

  • सीएम हेल्पलाइन, आवास, एग्रीस्टैक, स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण कार्यों की ली जानकारी

मुंगेली। रिपोर्टर: संदीप यादव।संभागायुक्त सुनील जैन ने बुधवार को जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जनहित के कार्यों में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

संभागायुक्त ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

*मुख्य बिंदु*

*1. सीएम हेल्पलाइन और शिकायत निवारण*  

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए संभागायुक्त ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने और पृथक पंजी संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

*2. सड़क निर्माण में लापरवाही पर फटकार*  

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में बिलासपुर-मुंगेली और तखतपुर मार्ग के निर्माण में धीमी प्रगति पर संबंधित इंजीनियर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अधूरी और क्षतिग्रस्त सड़कों का निर्माण-मरम्मत शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

*3. शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा*  

आरटीई प्रवेश में पारदर्शिता, एफएलएन के प्रभावी क्रियान्वयन और बैगा बच्चों को कौशल प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता से बदलने और लो-वोल्टेज की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य में आयुष्मान कार्ड, टीबी मुक्त पंचायत, टीकाकरण और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

*4. आवास और कृषि*  

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा में केवल पात्र हितग्राहियों को लाभ देने की बात कही। विवादित भूमि पर आवास स्वीकृत होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एग्रीस्टैक और किसान पंजीयन में गांव-गांव जाकर शत-प्रतिशत पंजीयन, पीएम किसान निधि में भी शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

*5. अन्य योजनाएं*  

पीएम सूर्य घर योजना की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए व्यापक प्रचार के निर्देश दिए। पीएम जनमन, जल जीवन मिशन, ई-ऑफिस, स्वामित्व योजना, डिजिटल फसल सर्वेक्षण और कुपोषण की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने जिले में शत-प्रतिशत ई-ऑफिस क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर कुंदन कुमार ने जिले में जर्जर स्कूल भवनों के चिन्हांकन और चरणबद्ध ध्वस्तीकरण की जानकारी दी।

बैठक में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, एसडीएम अजीत पुजारी, रेखा चंद्रा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे ।

Hot Topics

Related Articles