सड़क हादसे में बाइक सवार नाबालिक और युवती हुए घायल ,समय से एंबुलेंस नहीं मिलने पर परिजनों ने किया अस्पताल परिसर में हंगामा 

जियाउल खान ,लखनपुर /सरगुजा । लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टपरकेला रोड के धनपुरी मोड के पास बाइक सीख रहे युवती और नाबालिक ट्रैक्टर से जा भिड़े जिसके बाद दोनों घायल हो गए जिन्हें उपचार हेतु एंबुलेंस के माध्यम से लखनपुर अस्पताल लाया गया जहाँ डॉक्टर के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया और हाथ टूटने पर युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया ।2 घंटे के बाद भी एंबुलेंस सुविधा नहीं मिलने पर परिजनों का गुस्सा फुट पड़ा जिसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घायलों का नाम शकुंतला चौधरी उम्र 18 वर्ष निवासी रजपुरीकला बाइक साथ ही पीछे बैठा घायल नाबालिक भानु मिर्रे उम्र लगभग 15 वर्ष ग्राम लटोरी निवासी बताया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक व पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल प्रबंधन को साफ तौर पर यह निर्देश दिया था कि एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने पर अस्पताल के निजी वाहन के माध्यम से उपचार हेतु मरीजों को जिला अस्पताल ले जाया जाए जिसका खर्च स्वयं कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल वहन करेंगे। साथ ही कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने अस्पताल में आने वाले मरीजों को सही समय पर स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराया जाने की बात कही थी। बाद इसके अस्पताल प्रबंधन के लापरवाही के कारण क्षेत्र के लोगों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है जिससे क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। गौरतलब है कि लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरीके से चरमरा गई है तथा लोगों को समय से इलाज नहीं मिलना व समय पर एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिलने से क्षेत्र के लोगों को काफ़ी परेशानी उठानी पड़ रही है। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक के मरीज को रेफर करने के बाद करीब 02 घंटे तक मरीज दर्द से तड़पता रहा परंतु उसे एम्बुलेंस की सुविधा नहीं मिल पायी जिसके बाद अस्पताल के एम्बुलेंस आने के बाद से परिजनों ने अस्पताल परिसर को युद्ध का मैदान बना दिया था अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा करने लगे इस दौरान एम्बुलेंस चालक से भी काफ़ी देर तक बहस होती रही। हालांकि एम्बुलेंस से मरीज को अंबिकापुर ले जाया गया परंतु इससे स्वास्थ सुविधाओं की जमीनी हकीकत लोगो के सामने आ गई तथा लोग अब लखनपुर अस्पताल प्रबंधन के कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं। विधायक के गृह क्षेत्र में स्वास्थ सुविधाओं का यह हाल कई सारे सवालों को जन्म देता है फिलहाल अब देखना होगा कि आगे स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार देखने को मिलेगा या फिर ऐसे ही स्वास्थ्य सुविधाएं बद से बदतर हाल में नजर आयेंगी।

इस संबंध में जब बीएमओ ओ पी प्रसाद द्वारा कहा गया की मैं बाहर हूँ पूछकर बताता हूँ। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी लेते हुए कहा मरीज को 5.30 बजे उपचार के लिए लाया गया था जिसके बाद गंभीर चोंट होने के कारण युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया इसमें अस्पताल प्रबंधन की कोई लापरवाही नहीं है। 108 को फ़ोन करने पर सुविधा नहीं मिली जिसके बाद उसे अस्पताल की एंबुलेंस वाहन से अंबिकापुर भेजा गया।

Hot Topics

Related Articles