राजनांदगांव: तेज रफ्तार ईको वाहन ने शिक्षिका और छात्र को मारी टक्कर, शिक्षिका की हुई मौत, घायल छात्र का ईलाज जारी

राजनांदगांव। ठेलकाडीह मुख्य चौक में सोमवार शाम करीब 5 बजे तेज रफ्तार मारुति ईको वाहन ने बस का इंतजार कर रही शिक्षिका किरण तिवारी और एक स्कूली छात्र को टक्कर मार दी। दोनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शिक्षिका किरण तिवारी की मौत हो गई। मृतका दीनदयाल नगर राजनांदगांव की निवासी और मनीष तिवारी की पत्नी बताई गई हैं। हादसे में घायल छात्र का उपचार जारी है। ठेलकाडीह चौकी पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।मिली जानकारी के अनुसार ठेलकाडीह के शासकीय स्कूल में पदस्थ शिक्षिका किरण तिवारी स्कूल की छुट्टी के बाद राजनांदगांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थीं। वह स्कूल के कुछ बच्चों के साथ मुख्य चौक स्थित बस स्टैंड पर खड़ी थीं।

इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मारुति ईको वाहन अनियंत्रित होकर वहां पहुंची और शिक्षिका सहित एक छात्र को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला और छात्र उछलकर कुछ दूरी पर जा गिरे।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही ठेलकाडीह चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Hot Topics

Related Articles