सरगांव में गांधी जयंती पर स्वच्छता का संदेश, सफाई मित्रों और स्वच्छता दीदियों का हुआ सम्मान

सरगांव। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर पंचायत सरगांव के अटल परिसर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी का संदेश देते हुए पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि महात्मा गांधी को नमन करते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल किसी विशेष दिवस तक सीमित रखने की आवश्यकता नहीं है। यह हमारे जीवन-व्यवहार, विचार और संस्कार का अभिन्न हिस्सा बने, तभी स्वच्छ और स्वस्थ समाज की वास्तविक कल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था और उनके इस विचार को धरातल पर उतारना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि सरगांव को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर पंचायत की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मी और स्वच्छता दीदियां नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इस अवसर पर स्वच्छता दीदियों, सफाई कर्मियों तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्प फाउंडेशन के सदस्यों का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश – कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नगर पंचायत परिवार ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में सीएमओ वंशधाम शर्मा, रामकुमार कौशिक, पार्षद मनोज यादव, जमुना पाड़े एवं सविता कौशिक, एल्डरमैन पंकज वर्मा, राजकुमार साहू, कमलेश अग्रवाल, निखिल कौशिक, अमन वर्मा सहित नगर पंचायत परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Hot Topics

Related Articles