सरयूपारीण ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ ने किया भव्य गरबा उत्सव का आयोजन

दुर्गोत्सव में भक्तिमय आस्था का हुआ दिव्य दर्शन

गरबा उत्सव एवं महाआरती का साक्षी बना सरयू सदन

भाटापारा। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर शहर में जगह-जगह गरबा उत्सव के माध्यम से मां दुर्गा की आराधना की जा रही है। इसी कड़ी में सरयूपारीण ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ द्वारा सरयू सदन में भव्य गरबा उत्सव का आयोजन किया गया। भक्तिमय वातावरण, श्रद्धा और उल्लास से परिपूर्ण इस आयोजन में महिलाओं के साथ बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। मां दुर्गा के भजनों पर लयबद्ध थिरकते कदमों और तालियों की गूंज ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

नारी शक्ति एवं सम्मान की अभिव्यक्ति है गरबा उत्सव

नवरात्रि महापर्व विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयामों के माध्यम से नारी शक्ति और सम्मान की अभिव्यक्ति का पर्व है। शारदीय नवरात्रि में जहां जगह-जगह स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाएं उनकी दिव्यता एवं भव्यता का दर्शन कराती हैं, वहीं गरबा उत्सव के माध्यम से भक्त मां भगवती की आराधना करते हैं। भाटापारा में भी विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं द्वारा गरबा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।

गरबा प्रशिक्षक अनिता दुबे के मार्गदर्शन में हुई तैयारी

सरयूपारीण ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ द्वारा प्रतिवर्ष नवरात्रि के अवसर पर गरबा उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसकी तैयारियां पर्व प्रारंभ होने से पहले ही शुरू हो जाती हैं। इस वर्ष भी गरबा प्रशिक्षक अनिता दुबे के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों का अभ्यास जारी रहा। नवरात्रि के छठवें दिन सरयू सदन में आयोजित इस उत्सव में महिलाओं एवं बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से आयोजन को यादगार बना दिया।

मां दुर्गा की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ

गरबा उत्सव का शुभारंभ मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक मां भगवती की आराधना कर सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात मां दुर्गा के भजनों पर गरबा नृत्य का सिलसिला प्रारंभ हुआ। भक्तिमय गीतों की मधुर धुन, तालियों की समवेत गूंज और लयबद्ध नृत्य ने सरयू सदन के वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं उल्लास से भर दिया।

महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ समापन

आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए सरयूपारीण ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ की मीडिया प्रभारी सरितारानी शर्मा ने बताया कि सरयू सदन में आयोजित गरबा उत्सव में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बच्चों की सहभागिता रही। सभी ने अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मां दुर्गा की आराधना की। भक्तिमय माहौल में संपन्न हुए इस आयोजन का समापन महाआरती एवं प्रसादी वितरण के साथ हुआ।

आयोजन में उषा मिश्रा, कविता शर्मा, सुषमा मिश्रा, सीमा तिवारी, निशा आनंद शर्मा, रितू तिवारी, किरण पाण्डेय, शालिनी तिवारी, सुनिला पाण्डेय, अनिता दुबे, अंजलि दुबे, सुमन पाण्डेय, रश्मि तिवारी, श्वेता तिवारी, आरती पाण्डेय, अपूर्वा पाण्डेय, मिहिका दुबे, खुशी पाण्डेय, मुस्कान शर्मा, वेदिका शर्मा, महक शर्मा एवं माही शर्मा, आशी तिवारी सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।

Hot Topics

Related Articles