सांकरा में निकली भव्य तिरंगा रैली, भारत माता के जयकारों से गूंजा नगर

राजकुमार अग्रवाल ,सांकरा, :- “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भाजपा मंडल सांकरा के तत्वावधान में गुरुवार को सांकरा नगर में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में देशभक्ति का उत्साह देखते ही बना। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, स्कूल स्टाफ, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामवासी शामिल हुए।

रैली के दौरान पूरा नगर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा। सांकरा एवं आसपास के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह नागरिकों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच सतपाल सिंह छाबड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हलधर साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष विजय चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष एवं सभापति कमलजीत सिंह छाबड़ा तथा पुरुषोत्तम धृतलहरे सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना मजबूत होती है। साथ ही यह आयोजन देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों के योगदान को स्मरण करने का अवसर भी प्रदान करता है।

रैली को सफल बनाने में भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Hot Topics

Related Articles